May 2, 2024

प्रियंका गांधी ने सिद्धार्थनगर में जनसभा को किया संबोधित, बस्ती में किया रोड शो

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़ के छतहरी स्थित वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जाति धर्म के आधार पर आई सत्ता जनमानस के लिए नुकसान दायक है। बसपा, सपा और भाजपा जाति धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं, लेकिन कांग्रेस धर्म व जाति पर वोट नहीं मांगती।

प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। कई ऐसे युवा हैं, जो नियुक्तियों की प्रतीक्षा करते-करते उम्र बिता दे रहे हैं। किसान परेशान हैं, छुट्टा पशु उनके खेत चरे जा रहे हैं और पीएम व सीएम कह रहे हैं कि उन्हें मालूम ही नहीं है कि छुट्टे पशुओं की कोई समस्या थी। सपा व बसपा पर प्रहार करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने विपक्ष की भूमिका का ईमानदारी से निर्वहन नहीं किया। दोनों पार्टियां ध्रुवीकरण के भरोसे सत्ता प्राप्त करना चाहती हैं।

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि नौकरी के लिए युवाओं को बाहर न जाना पड़े। युवाओं का पलायन रोका जाए। महिलाएं सशक्त बनें, उन्हें भी नौकरी मिले। ऐसा कानून न बने, जिससे किसान मेहनत करें और फायदा उद्योगपति लें। उन्होंने कहा कि यूपी में काबिल युवा वर्ग की संख्या अधिक है, यहां हुनर है लेकिन काम नहीं है, जिससे लोग परेशान हैं।

प्रियंका की एक झलक के लिए रहे बेताब
बस्ती में मंगलवार को शहर में रोड शो के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की एक झलक पाने को लिए लोग बेताब दिखे। लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। प्रियंका ने भी हाथ जोड़ कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

करीब तीन किलोमीटर के रोड शो में प्रियंका वाड्रा के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम नारे लगाते हुए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा था। इस दौरान प्रियंका का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। नेहरू और गांधी परिवार से जुड़ी शख्सियत को देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी तादाद में महिलाएं आई थीं।

स्वागत से अभिभूत प्रियंका लोगों का अभिवादन करतीं रहीं। प्रियंका ने कंपनी बाग में अपने संक्षिप्त संबोधन में प्रदेश में समरसता और खुशहाली के लिए कांग्रेस को वोट करने की अपील की। इस दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम रहे।

About Author