May 17, 2024

मध्य प्रदेश के 53वें जिले की घोषणा, रीवा के मऊगंज को जिला बनाने का किया ऐलान

भोपाल- चुनावी साल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के 53वें जिले की घोषणा कर दी है। सीएम चौहान ने रीवा के मऊगंज को जिला बनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद मध्य प्रदेश में 53 जिले हो जाएंगे। इस नए जिले में मऊगंज, हनुमना, नईगढ़ी और देवतालाब तहसील होगी।

शनिवार को मऊगंज पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ये ऐलान किया। सीएम ने कहा कि 15 अगस्त को नवनिर्मित मऊगंज के जिला मुख्यालय में तिरंगा फहराया जाएगा। इसी के साथ अब सतना जिला रीवा संभाग का सबसे बड़ा जिला होगा। रीवा संभाग में अब 5 जिले होंगे। अभी तक इस संभाग में 4 जिले रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली हैं, पांचवा जिला मऊगंज होगा। नए जिले की कुल जनसंख्या 6 लाख 16 हजार 645 होगी।

दरअसल, काफी लंबे समय से मऊगंज को जिला बनाने की मांग उठ रही थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सन 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान मऊगंज को जिला बनाने की घोषणा की थी। सत्ता में वापसी के बाद विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने भी इसकी वकालत की थी। अब नया जिला बनने का ऐलान होने के बाद लोगों में खुशी का माहौल है। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने इस दौरान कहा कि आज से यहां के लोग मऊगंज जिला ही बोलेंगे। आज मऊगंज के लिए ऐतिहासिक दिन है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम चौहान ने 738 करोड़ रुपए के 34 कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें से 73.56 करोड़ की लागत के 10 कार्य नए जिले में होंगे। उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह में वर्चुअल माध्यम से संबल योजना के 27310 हितग्राहियों को 605 करोड़ रुपए की सहायता राशि सिंगल क्लिक से भेजी।

About Author