May 4, 2024

सीधी पेशाबकांड के बाद देशभर में मप्र की भाजपा सरकार को कोस रहे लोग

मप्र में आदिवासियों पर बढ़ रहे अत्याचार, आदिवासियों पर अत्याचार में एमपी नंबर वन

भोपाल/नई दिल्ली – मप्र के सीधी में आदिवासी युवक पर भजापा नेता द्वारा पेशाब किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार पर हमला बोल दिया है। वहीं देशभर में मप्र सरकार को लोग कोस रहे हैं। उधर, कांग्रेस ने आंकड़े जारी कर मप्र को आदिवासियों के अत्याचार में नंबर वन बताया है। कांग्रेस द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 2020 में 2,401 और 2021 में 2,627 आदिवासियों के साथ अत्याचार होने की बात सामने आई है। आंकड़ों से जाहिर है कि मप्र में आदिवासियों पर अत्याचार साल दर साल बढ़ रहा है। सनद रहे कि ये वो मामले हैं जो तमाम अवरोधों के बाद दर्ज हो सके। न जाने कितने ऐसे मामले होंगे जो पुलिस की फाइलों तक नहीं पहुंचे होंगे। आदिवासियों पर बढ़ रहे अत्याचार सीधी में आदिवासी युवक पर पेशाब कर करने वाले भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इस पूरे मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है किभाजपा राज में आदिवासी भाइयों और बहनों पर अत्याचार बढ़ते ही जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में एक भाजपा नेता के अमानवीय अपराध से सारी इंसानियत शर्मसार हुई है। यह भाजपा का आदिवासियों और दलितों के प्रति नफरत का घिनौना चेहरा और असली चरित्र है। सीधी मामले की राज्यपाल और राष्ट्रपति से कांग्रेस शिकायत करने वाली है। कांग्रेसी नेता कांतिलाल भूरिया ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीडि़त परिवार को 2 करोड़ का मुआवजा देने की मांग है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं अब सीधी की घटना को लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन भी करेगी। भाजपा नेताओं पर सत्ता का नशा सीधी घटना को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि भाजपा नेताओं पर सत्ता का नशा इस कदर चढ़ा है कि वे इंसान को इंसान नहीं समझ रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भी घटना को लेकर शिवराज सरकार पर जुबानी हमला बोला है। कमलनाथ ने कहा कि आज मेरा मन मध्यप्रदेश के आदिवासी भाई-बहनों के अपमान की घटनाओं से बहुत दुखी है। सीधी जिले में एक आदिवासी युवक के ऊपर भाजपा नेता के पेशाब करने का वीडियो देखकर रूह कांप जाती है। क्या सत्ता का नशा इस कदर भाजपा के नेताओं पर चढ़ गया है कि वे इंसान को इंसान नहीं समझ रहे? यह घटना आदिवासी अस्मिता पर प्रहार है। यह घटना टंट्या मामा और बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का अपमान है। यह घटना मध्य प्रदेश के करोड़ों आदिवासियों का अपमान है। मैं सरकार को चेतावनी देता हूं कि आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचारों को सरकारी संरक्षण देना बंद करें। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से आदिवासी समाज के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिला कर रहेगी। अब सीना जोरी कर रही भाजपा पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान जी, मुद्दा फिर वही है कि नेमावर हत्याकांड, सिवनी गौ-तस्करी हत्याकांड जैसे अनेक जघन्य अपराधों में भाजपा से जुड़े लोगों पर ही आरोप क्यों लग रहे हैं? अपराध तो यह भी है कि हर बार मुख्यमंत्री कार्रवाई का दावा करते हैं और फिर एक नया अपराध हो जाता है। फिर भाजपा के लोग अपने समर्थकों को बचाने में जुट जाते हैं। न्याय तो तब होता जब आरोपों से घिरे विधायक आदिवासी उत्पीडऩ के दोषी को फांसी की सजा देने की मांग करते। नेता प्रतिपक्ष डॉ. सिंह ने सीएम को पत्र लिखा इधर, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। जिसमें सीधी घटना का जिक्र करते हुए कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच हो। वहीं, आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। आरोपी के घर पर चला बुलडोजर मध्य प्रदेश के सीधी में पेशाब कांड के आरोपी प्रवेश शुक्ला के घर बुलडोजर चलाया गया है। इधर, भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना की जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति का गठन किया है। वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर प्रदेश की शिवराज सरकार को जमकर घेरा हैं। दरअसल, प्रदेश के सीधी जिले के एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है। जिसमें एक शख्स सिगरेट पीते हुए दूसरे व्यक्ति पर पेशाब करता नजर आ रहा है। पेशाब करते दिख रहे इस व्यक्ति का नाम प्रवेश शुक्ला है। जिस व्यक्ति पर पेशाब कर रहा है, वह आदिवासी मजदूर बताया जा रहा है। ये भी दावा किया जा रहा है कि आरोपी प्रवेश शुक्ला भाजपा से जुड़ा है। खबरों के मुताबिक, सीधी से भाजपा विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि है। वीडियो पर हंगामा मचने के बाद भाजपा और विधायक केदार नाश शुक्ला ने प्रवेश शुक्ला से किसी भी संबंध होने से इनकार किया है। वीडियो वायरल होने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी प्रवेश शुक्ला को गिरप्तार कर लिया है। भाजपा ने की जांच समिति गठित इधर, भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले में जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति का गठन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा ने मामले की जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति का गठन किय है। रामलाल रौतेल के नेतृत्व में समिति का गठन किया गया है। इस समिति में 2 भाजपा विधायक अमरसिंह, शरद कोल, संगठन के प्रतिनिधि के तौर पर कांतिदेव सिंह रहेंगे। समिति जांच रिपोर्ट संगठन को देगी।

About Author