April 29, 2024

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, हमारी सरकार बनी तो बनाएंगे किसानों के हक में नए कानून, न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर फसल खरीदना होगा अपराध

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि अगर हम सत्ता में आए तो प्रदेश में किसानों के हक में नए कानून बनाएंगे, जिसमें किसानों की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर खरीदना अपराध घोषित किया जाएगा।

कमलनाथ ने कहा कि मोदी सरकार किसानों और मंडी को बर्बाद करने वाला काला कानून लेकर आई है। जिसका मकसद मंडी का निजीकरण करके समर्थन मूल्य को खत्म करना है। हमने तय किया है कि हम किसानों के लिए ऐसा कानून लाएंगे, जिससे किसी भी फसल की खरीदी समर्थन मूल्य से कम पर नहीं होगी। 

2018 के विधानसभा चुनावों से पहले कमलनाथ ने सरकार बनने पर किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था। जिसके बाद कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 15 साल बाद प्रदेश की सत्ता में वापसी की थी।

आपको बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पारित नए कृषि कानूनों के खिलाफ देश भर के किसानों में काफी गुस्सा है। कांग्रेस देश भर में इस कानून का विरोध कर रही है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां केंद्र के कानूनों को बेअसर करने वाले नए कानून बनाने की पहल हो रही है। पंजाब की कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों को बेअसर करने के लिए विधानसभा में राज्य के तीन नए बिल पारित भी कर दिए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी जल्द ही ऐसा करने जा रही है।

About Author