1 नवंबर यानी आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का स्थापना दिवस है। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी है।
पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के लोगों को 65वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एमपी अहम क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में बड़ा योगदान दे रहा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे तीव्र गति से विकास पथ पर दौड़ने वाला प्रदेश है। यह आपके अथक प्रयास और योगदान का फल है। मध्यप्रदेश को सर्वोच्च शिखर पर स्थापित करने का स्वप्न हम सबके संकल्पित प्रयास से ही साकार होगा।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता के समर्थन से मध्य प्रदेश के भविष्य का नया नक्शा बनाया जाएगा। जनता की खुशहाली की बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम किसानों एवं नौजवानों के साथ-साथ सभी का भविष्य सुरक्षित करने के लिये संकल्पित हैं।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की जनता को स्थापना दिवस पर बधाई दी है। दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए ही छत्तीसगढ़ अलग प्रदेश बना था।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा हरियाणा, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक का स्थापना दिवस भी आज ही है। इन सभी राज्यों में आज उनके स्थापना दिवस समारोह मनाए जा रहे हैं।
More Stories
Aaj bhi sadme me harda blast ke pidit
Yuva Congress ne CM ka putla Dahan kiya
Harda hadse par digvijaye ka CM ko patr