‘भाजपा के नेता ने हमारी बेटियों के वस्त्रों के बारे में अत्यंत शर्मनाक टिप्पणी की’
भोपाल – प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा नेताओं द्वारा महिलाओं पर की जा रही अभ्रद, अमर्यादित और अशोभनीय भाषा के उपयोग पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश जैसे देश के हृदय प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं का अपमान और उत्पीड़न करने की कसम खा ली है। भाजपा के एक नेता ने कल हमारी बेटियों के वस्त्रों के बारे में अत्यंत शर्मनाक टिप्पणी की और उन्हें शूर्पणखा कहा।
श्री नाथ ने महिलाओं के साथ घटित हो रही घटनाओं को भाजपा सरकार के संज्ञान में लाते हुए कहा कि जबलपुर में शराब की दुकान का विरोध कर रही बहनों के ऊपर शिवराज सरकार ने पुलिस से बर्बरता पूर्वक दमन कराया। उनके बाल पकड़कर घसीटा गया। कटनी में एक महिला का निधन होने के बाद उसका शव ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिली और परिजनों को मृतका के गहने बेचकर एंबुलेंस की व्यवस्था करनी पड़ी। मुरैना में मुख्यमंत्री जी मंच से महिला हितैषी भाषण देते रहे और एक महिला सभा में खड़ी अपनी पीड़ा को लेकर रोती रही।
श्री नाथ ने कहा कि यह तो सिर्फ वे घटनाएं हैं जो पिछले तीन-चार दिन में मध्यप्रदेश में घटित हुई हैं। शिवराज जी की सरकार में पिछले 18 साल से प्रदेश महिला उत्पीड़न में पूरे देश में नंबर वन हो चुका है। महिलाओं का अपमान करना, उनका उत्पीड़न करना और उनके बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करना भाजपा की पहचान बनता जा रहा है।
श्री नाथ ने कहा कि मैं देश-प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों से निवेदन करता हूं कि वे अपने अधिकारों की लड़ाई में आगे आएं कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है।
More Stories
EVM के विरोध में दिल्ली में दिग्विजय हिरासत में
Aaj bhi sadme me harda blast ke pidit
Narmadapuram me vikshipt nabalik ke rape se akrosh