प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया
इंदौर (महू)/ भोपाल – संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 132 वीं जयंती पर आज पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कमल नाथ ने महू पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और प्रार्थना सभा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर बाबा साहेब की सबसे ऊंची प्रतिमा भोपाल में स्थापित की जाएगी।
श्री नाथ ने महू में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बाबा साहब मानवतावाद के सच्चे प्रतीक थे, उनकी प्रतिमा बनाने की योजना बहुत मेरे मन में बहुत पहले से थी, यह हमारा संकल्प है, इस काम में हम सबका सहयोग लेंगे। बाबा साहब का जीवन सामाजिक न्याय के संघर्ष का अनुपम उदाहरण है। उनकी जयंती पर सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बनाए संविधान पर मन, वचन और कर्म से चलें।
श्री नाथ ने कहा कि एक बात और याद रखनी चाहिए कि अगर अच्छा संविधान, गलत हाथों में आ जाए तो उसके गलत परिणाम सामने आते हैं। इसलिए हम सब बाबा साहेब की जयंती पर संकल्प लें कि भारत के संविधान की रक्षा करेंगे और संवैधानिक मूल्यों का पालन करेंगे। देश का अच्छा संविधान गलत हाथों में हो तो इसके परिणाम विनाशकारी होते है।
श्री नाथ ने कहा कि पूरे प्रदेश में प्रशासन का दुरुपयोग कर भाजपा नेता कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रहे हैं, इससे निपटने के लिए अब भाजपा को कानूनी रूप से जवाब देना होगा। जिसके लिए एक कमेटी बनाई गई है, जिसकी जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को सौंपी गई है।
इस अवसर श्री नाथ के साथ पूर्व मंत्री एवं विधायक सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, इंदौर संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी, इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार सहित महू, इंदौर और अन्य जिलों के स्थानीय नेता और कांग्रेसजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
More Stories
शंभू बॉर्डर पर जख्मी किसानों के शरीर से निकले पैलेट्स
X बोला- सरकार ने कई अकाउंट-पोस्ट हटाने को कहा
जम्मू-कश्मीर के पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक के घर CBI रेड