April 27, 2024

सांची में तीन बजे तक 60.08% मतदान, सांची में वोटिंग को लेकर सुबह से ही उत्साह

  • कोविड से बचाव के साथ मतदान के लिए लगी कतार, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शांतिपूर्वक मतदान।

सांची विस उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। यहां पर तीन बजे तक 60.08% मतदान हो चुका है। यहां से भाजपा के प्रत्याशी और शिवराज सरकार के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम राम चौधरी परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। उन्होंने मतदान क्रमांक 140 आदिवासी छात्रावास वार्ड 12 में उन्होंने 10.19 बजे वोट दिया।

वोट डालने के बाद प्रभुराम चौधरी ने कहा कि भगवान पूजा करके घर से निकलता हूं। पूरा भरोसा है कि अपने क्षेत्र के सभी मतदाता भाजपा और मेरे पक्ष में मतदान करेंगे। इस क्षेत्र की जनता से मेरे 35 साल से पारिवारिक संबंध रहे हैं। मैं पद पर रहा या जब नहीं रहा। मेरा संबंध वैसा ही रहा। उपचुनाव में सभी सीटें भाजपा ही जीतेगी।

सुबह 7:14 बजे कृषि मंडी के बूथ क्रमांक 155 में प्रतिभा शुक्ला ने पहला वोट डाला। मतदाताओं में सुबह से मतदान के प्रति उत्‍साह नजर आ रहा है। मतदाता फिजिकल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया में हिस्‍सा ले रहे हैं। सांची विधानसभा क्षेत्र के कुल 365 मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक मतदान होगा, जिनमें 326 मूल मतदान केंद्र तथा 39 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। सांची विधानसभा क्षेत्र में 88 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं।

दो लाख 41 हजार 861 मतदाता डालेंगे वोट

विधानसभा क्षेत्र में कुल दो लाख 41 हजार 861 मतदाता हैं, जिनमें एक लाख 28 हजार 836 पुरुष मतदाता, एक लाख 13 हजार 15 महिला मतदाता और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं। सॉची विधानसभा क्षेत्र में कुल 1656 दिव्यांग मतदाता एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के 3131 मतदाता हैं।

About Author